मधुबनी, 9 सितंबर 2025।
ऑल इंडिया फारवर्ड ब्लॉक जिला कमेटी की बैठक आज जिला अध्यक्ष कुमार अवधेश की अध्यक्षता में तथा जिला महासचिव कामरेड बेचन राम के संचालन में सम्पन्न हुई।
बैठक में राज्य कमेटी सदस्य कामरेड प्रेम कुमार झा ने कहा कि पार्टी अब बिहार विधानसभा चुनावी मोड में प्रवेश कर चुकी है और पूरे राज्य में धर्मनिरपेक्ष दलों से गठबंधन करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि राज्य स्तर पर गठबंधन नहीं होता है, तो पार्टी अपने जनाधार वाले क्षेत्रों से स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि महागठबंधन में कुछ वामपंथी नेताओं में अहंकार दिखाई दे रहा है जबकि वास्तविक साम्यवाद और समाजवाद केवल संघर्ष और जनता के विश्वास से संभव है।
इतिहास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 1969 में ऑल इंडिया फारवर्ड ब्लॉक ने बिहार में 10.3% वोट पाकर एक विधानसभा सीट हासिल की थी। नेताजी सुभाष चंद्र बोस के सपनों को पूरा करने के लिए पार्टी समाजवाद के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।
बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष कुमार अवधेश ने कहा कि जिला स्तर पर संगठन का विस्तार युद्ध स्तर पर करना होगा और सभी कार्यकर्ताओं को विधानसभा चुनाव की तैयारी में लग जाना चाहिए।
जिला महासचिव कामरेड बेचन राम ने बताया कि पार्टी के निर्देशानुसार अब तक बेनीपट्टी और राजनगर में विधानसभा स्तरीय सम्मेलन सम्पन्न हो चुका है, जबकि विस्फी का सम्मेलन तैयारी के अंतिम चरण में है। उन्होंने घोषणा की कि आगामी 18 सितंबर 2025 को जिला समाहरणालय पर बेरोजगारी, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, वासगीत पर्चा वितरण, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मनरेगा मजदूरों को रोजगार, बिजली सुविधा, शिक्षा सुधार जैसे मुद्दों को लेकर विशाल प्रदर्शन किया जाएगा।
बैठक में जिला कमेटी के उपाध्यक्ष शीला देवी, अखिलेश झा, सचिव गुड्डू मंडल, बलवीर राम, सोनी देवी, मलभोगोया देवी, तेतर पासवान, दुखी पासवान, मोहम्मद गुलाब, लाल मंडल, गुड़िया देवी, राजू सदाय, अनिल मंडल, अनिल राम सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी की।

विकास से ज्यादा सता रही विरासत की चिंता, मधुबनी बना वंशवाद का गढ़
बिहार चुनाव में प्रचार अभियान तेज…जननायक कर्पूरी ठाकुर की धरती से पीएम की शुरुआत
विकास या बदलाव क्या चुनेगी जनता…! झंझारपुर विधानसभा सीट पर पारिवारिक साख की परीक्षा
मधुबनी में युवा मतदाताओं के साथ जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा का संवाद, कहा — “लोकतंत्र की असली ताकत युवाओं में है”
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कई डिस्पैच सेंटरों का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
रहिका में विधानसभा चुनाव को लेकर पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च, क्षेत्र में शांति व सुरक्षा का भरोसा दिलाया