मधुबनी, 03 सितम्बर 2025।
मधुबनी जिले में कला, संस्कृति और प्रतिभा का संगम देखने को मिला, जब जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने वाटसन उच्च विद्यालय परिसर में दीप प्रज्वलित कर जिला स्तरीय कला उत्सव-2025 का शुभारंभ किया।
इस आयोजन में जिले के सरकारी एवं निजी विद्यालयों के कक्षा 9वीं से 12वीं तक के चयनित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ज्ञात हो कि कला उत्सव की शुरुआत वर्ष 2015 में स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा की गई थी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा को पहचानना और उन्हें मंच प्रदान करना है।

थीम – विकसित भारत-2047
इस बार उत्सव की थीम “विकसित भारत-2047 में भारत की परिकल्पना” रखी गई। इसके अंतर्गत विद्यार्थियों ने गायन, वादन, नृत्य, नाटक, चित्रकला, मूर्तिकला और पारंपरिक कहानी वाचन समेत 12 विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विद्यालय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को जिला स्तरीय इस कार्यक्रम में भाग लेने का अवसर मिला।
जिलाधिकारी का संबोधन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ दीं और कहा –
“प्रतियोगिता में चयनित होना महत्वपूर्ण है, लेकिन जो चयनित नहीं हो पाते, उन्हें निराश नहीं होना चाहिए। निरंतर प्रयास और स्पोर्ट्समैन स्पिरिट ही सफलता की सबसे बड़ी पूंजी है।”
उन्होंने कहा कि “भारत आज विकासशील है, लेकिन हमें इसे हर हाल में विकसित बनाना है। 19वीं सदी इंग्लैंड की रही, 20वीं सदी अमेरिका की रही और 21वीं सदी निश्चय ही भारत की होगी।”
जिलाधिकारी ने मंच से यह भी कहा कि मधुबनी में बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन में ऑडिटोरियम की कमी खलती है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही जिले में आधुनिक संसाधनों से लैस ऑडिटोरियम का निर्माण कराया जाएगा।

रंगारंग प्रस्तुतियाँ
कला उत्सव के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। गायन, वादन, नृत्य और नाटक की अद्भुत प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया, वहीं चित्रकला और मूर्तिकला प्रतियोगिता में बच्चों ने “विकसित भारत-2047” की झलक पेश की।
गौरव का अवसर
यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों की प्रतिभा को सामने लाने का माध्यम बना, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का बोध भी कराया। मधुबनी जिले के लिए यह एक गौरव का विषय रहा, जहाँ नन्हें कलाकारों ने साबित किया कि वे भविष्य के भारत के सच्चे निर्माता हैं।
इस अवसर पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी परिमल कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी अक्षय कुमार पाण्डेय, शिक्षा विभाग के सभी जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

विकास से ज्यादा सता रही विरासत की चिंता, मधुबनी बना वंशवाद का गढ़
बिहार चुनाव में प्रचार अभियान तेज…जननायक कर्पूरी ठाकुर की धरती से पीएम की शुरुआत
विकास या बदलाव क्या चुनेगी जनता…! झंझारपुर विधानसभा सीट पर पारिवारिक साख की परीक्षा
मधुबनी में युवा मतदाताओं के साथ जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा का संवाद, कहा — “लोकतंत्र की असली ताकत युवाओं में है”
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कई डिस्पैच सेंटरों का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
रहिका में विधानसभा चुनाव को लेकर पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च, क्षेत्र में शांति व सुरक्षा का भरोसा दिलाया